स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति महामहिम श्री गी पारमेलां के सम्मान में आयोजित भोज में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का अभिभाषण (HINDI)

राष्ट्रपति भवन : 05.10.2026

Download : Speeches स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति महामहिम श्री गी पारमेलां  के सम्मान में आयोजित भोज  में  भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु  का अभिभाषण (HINDI)(110.22 KB)

आज राष्ट्रपति भवन में आपका और आपके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।

आपकी राजकीय यात्रा हमारे द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण समय पर हो रही है। मुझे विशेष प्रसन्नता है कि इस वर्ष यह आपकी भारत की दूसरी यात्रा है। फरवरी में AI Impact Summit में आपकी भागीदारी ने उभरते और नए क्षेत्रों में हमारी साझेदारी के बढ़ते महत्व को रेखांकित किया था। आपकी यह राजकीय यात्रा इस दिशा में हमारे सहयोग को और गहरा करेगी।

भारत और स्विट्जरलैंड के मैत्रीपूर्ण संबंध, लोकतंत्र, rule of law और शांतिपूर्ण सहयोग के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता पर आधारित हैं। वर्ष 1948 में राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद से हमारे संबंध निरंतर सुदृढ़ हुए हैं और आज वे व्यापार एवं निवेश, science & technology, innovation, शिक्षा, संस्कृति तथा people-to-people contacts सहित अनेक क्षेत्रों में विस्तृत partnership का रूप ले चुके हैं।

हमारे आर्थिक संबंध इस साझेदारी का एक महत्वपूर्ण आधार हैं। स्विट्जरलैंड भारत का एक प्रमुख व्यापार और निवेश साझेदार है। India-EFTA Trade and Economic Partnership Agreement के लागू होने से हमारे businesses और entrepreneurs के लिए नए अवसरों के द्वार खुले हैं। मुझे विश्वास है कि India-EFTA Prosperity Summit, जिसमें महामहिम इस यात्रा के दौरान भाग लेंगे, इन अवसरों को और गति प्रदान करेगा।

मुझे विशेष प्रसन्नता है कि भारत में Swiss कंपनियों की उपस्थिति निरंतर बढ़ रही है। Infrastructure, railway और tunneling से लेकर pharmaceuticals, banking और बीमा तक, Swiss कंपनियों ने भारत की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

भारत का innovation ecosystem और स्विट्जरलैंड की science, technology तथा engineering में विशेषज्ञता, हमारी क्षमताओं के प्रभावी पूरक हो सकते हैं। Digital public infrastructure, AI तथा clean and green technologies में हमारा सहयोग ऐसे समाधान विकसित कर सकता है, जिनसे न केवल हमारे दोनों देशों को, बल्कि पूरे विश्व को लाभ हो।

स्विट्जरलैंड वर्ष 2027 में अगले AI Summit की मेजबानी करेगा। भारत इस Summit की तैयारियों में आपके साथ निकटता से सहयोग करने के लिए उत्सुक है। हमारे दोनों देश जिम्मेदार, समावेशी और मानव-केंद्रित AI के लिए एक सुदृढ़ वैश्विक परिवेश के निर्माण में सार्थक योगदान दे सकते हैं।

महामहिम,

हमारे संबंध केवल सरकार और संस्थानों तक सीमित नहीं हैं। इन्हें हमारे दोनों देशों के लोगों के बीच बने घनिष्ठ संबंधों से निरंतर ऊर्जा मिलती है।

मुझे प्रसन्नता है कि हम migration and mobility partnership तथा young professionals exchange से संबंधित समझौतों के माध्यम से लोगों की आवाजाही के लिए संस्थागत ढांचे को सुदृढ़ कर रहे हैं। विद्यार्थी, शोधकर्ता और युवा professionals हमारे दोनों देशों के बीच सबसे महत्वपूर्ण सेतु हैं। दोनों देशों में अब Parliamentary Friendship Groups भी सक्रिय हैं, जो हमारी साझेदारी में एक और आयाम जोड़ेंगे।

देवियो और सज्जनो,

पीढ़ियों से भारतीयों के लिए स्विट्जरलैंड मनोहारी प्राकृतिक छटा, सुंदर पर्वतों और आत्मीय आतिथ्य का पर्याय रहा है और इसमें वहां फिल्माई गई अनेक यादगार Bollywood फिल्मों का भी योगदान रहा है।

आज की इस संध्या पर, हमारे Swiss मित्रों के लिए हमने भारत के पर्वतीय खान-पान की परंपराओं की एक झलक प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। महामहिम, राष्ट्रपति भवन में आपकी गरिमामयी उपस्थिति से, आज हिमालय और Swiss Alps एक-दूसरे के और करीब आ गए हैं।

महामहिम,

आपकी यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और स्विट्जरलैंड कई दशकों से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण और पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंधों में नए और आधुनिक अध्याय जोड़ रहे हैं। इस प्रक्रिया में आपका व्यक्तिगत योगदान बहुत महत्वपूर्ण रहा है।

मुझे पूरा भरोसा है कि आपकी यह यात्रा भारत - स्विट्जरलैंड संबंधों में एक अहम उपलब्धि के तौर पर याद रखी जाएगी और आपके मार्गदर्शन से हमारी दोस्ती और मजबूत होती रहेगी।

इन्हीं शब्दों के साथ, महामहिम, देवियो और सज्जनो, आइए हम सब मिलकर:

- स्विट्जरलैंड के महामहिम राष्ट्रपति जी एवं First Lady के अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण,

- स्विट्जरलैंड के लोगों की निरंतर प्रगति और समृद्धि, तथा

- भारत और स्विट्जरलैंड के बीच मित्रता को हमेशा बनाए रखने के लिए, अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करें।

धन्यवाद।

Subscribe to Newsletter

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
The subscriber's email address.