सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के सम्मान में आयोजित भोज में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का अभिभाषण (HINDI)
राष्ट्रपति भवन : 09.02.2026
(92.28 KB)
आज राष्ट्रपति भवन में महामहिम राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी एवं श्रीमती हर्मिनी का स्वागत करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। यह राजकीय यात्रा विशेष महत्व रखती है। सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति के रूप में भारत की यह आपकी प्रथम यात्रा है। इस वर्ष हमारे दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष भी पूर्ण हो रहे हैं और इस महत्वपूर्ण अवसर पर आपकी मेजबानी करना मेरे लिए विशेष आनंद का विषय है।
भारत और सेशेल्स के बीच संबंध गहरे, स्थायी और साझा मूल्यों पर आधारित रहे हैं। हमारे देश आकार, भूगोल और जनसंख्या की दृष्टि से भले ही भिन्न हों; लोकतंत्र, बहुलतावाद और अंतरराष्ट्रीय कानून में हमारा विश्वास समान है। सदियों से हिंद महासागर की लहरें हमारे लोगों के बीच संस्कृति, विचार और व्यापार के आदान-प्रदान की साक्षी रही हैं। मुझे आशा है कि आज आप सब, हमारी इस साझा सांस्कृतिक विरासत के सुर और स्वाद का आनंद ले पायेंगे। महामहिम, भारत के साथ आपका दीर्घकालिक जुड़ाव रहा है। आप पहले भी व्यक्तिगत रूप से और संसदीय प्रतिनिधिमंडलों के साथ भारत की यात्रा कर चुके हैं। आप भारत से भलीभांति परिचित हैं और हमारे विविधतापूर्ण समाज और विकास यात्रा की गहरी समझ रखते हैं। हमें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि इस यात्रा के दौरान आपने Chennai और Mumbai का दौरा भी किया और व्यापार जगत से संवाद किया। ऐसे नियमित संपर्क हमारे आर्थिक संबंधों को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होंगे।
भारत, सेशेल्स के साथ अपनी साझेदारी को अत्यधिक महत्व देता है। हमारा द्विपक्षीय सहयोग कई क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहा है जिसमें development partnership, स्वास्थ्य, शिक्षा, renewable energy, capacity building तथा maritime security जैसे विविध क्षेत्र शामिल हैं। ये सभी पहलें, सेशेल्स की सरकार और जनता की प्राथमिकताओं के अनुरूप हैं, तथा एक विश्वसनीय partner के रूप में भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
हमारे द्विपक्षीय संबंधों की एक विशेषता सेशेल्स में रहने वाला जीवंत भारतीय समुदाय है। भारतीय मूल के लोगों ने पीढ़ियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों को संजोए हुए, सेशेल्स की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वे हमारे दोनों देशों के बीच मित्रता के सेतु का काम करते हैं। भारत को उनकी उपलब्धियों पर गर्व है।
हम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के लिए सेशेल्स के निरंतर समर्थन की भी सराहना करते हैं। हमारे दोनों देश United Nations सहित अन्य बहुपक्षीय मंचों पर climate change, sustainable development, ocean conservation तथा Small Island Developing States जैसे विषयों पर निकट सहयोग करते हैं। यह सहयोग हमारे वैश्विक दृष्टिकोण में गहरे सामंजस्य को दर्शाता है।
महामहिम, आज की दुनिया में आपसी विश्वास, पारदर्शिता और पारस्परिक सम्मान पर आधारित partnerships पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई हैं। भारत और सेशेल्स ने यह सिद्ध किया है कि ऐसी partnerships न केवल हमारे लोगों के लिए ठोस लाभ प्रदान कर सकती हैं, बल्कि क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक सहयोग में भी योगदान दे सकती हैं।
आगामी वर्षों में, भारत सेशेल्स के साथ अपने घनिष्ठ जुड़ाव को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके मार्गदर्शन और नेतृत्व के साथ हमारी मित्रता निरंतर सुदृढ़ होती जाएगी।
इन्हीं शब्दों के साथ, महामहिम, देवियो एवं सज्जनो, आइए हम सब मिलकर:
- महामहिम राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी और First Lady श्रीमती वेरोनिक हर्मिनी के अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण,
- सेशेल्स के लोगों की निरंतर प्रगति और समृद्धि, तथा
- भारत और सेशेल्स के बीच मित्रता को हमेशा बनाये रखने के लिए, अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करें।
धन्यवाद।
*****
