भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का NIFT परिसरों के संयुक्त दीक्षांत समारोह में संबोधन(HINDI)

नई दिल्ली : 31.08.2026

Download : Speeches भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का  NIFT परिसरों के संयुक्त दीक्षांत समारोह में संबोधन(HINDI)(108.62 KB)
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का  NIFT परिसरों के संयुक्त दीक्षांत समारोह में संबोधन(HINDI)

National Institute of Fashion Technology (NIFT) के विभिन्न परिसरों से आए विद्यार्थियों के बीच उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। मैं इस दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों और उनके माता-पिता तथा अभिभावकों को हार्दिक बधाई देती हूं। श्रेष्ठ अकादमिक प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत होने वाले विद्यार्थियों को मैं विशेष बधाई देती हूं। NIFT के सभी संकाय सदस्यों को भी मैं हार्दिक बधाई देती हूं जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने ये उपलब्धियां प्राप्त की हैं।

मुझे बताया गया है कि पिछले चार दशकों में NIFT ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक उल्लेखनीय कार्य किये हैं। संस्था के पूर्व विद्यार्थियों ने फैशन के वैश्विक मंचों पर तथा अंतरराष्ट्रीय फैशन संस्थानों में अपनी पहचान बनाई है और देश का सम्मान बढ़ाया है। मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई है कि NIFT के अनेक professionals ने फैशन के क्षेत्र में भारतीय वस्त्र, शिल्प और डिजाइन परंपरा की वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठा बढ़ाने में योगदान दिया है।

देवियो और सज्जनो,

वस्त्र और परिधान क्षेत्र केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत का अंग नहीं है, बल्कि करोड़ों देशवासियों की आजीविका का भी आधार रहा है। मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई है कि NIFT के विभिन्न केन्द्रों ने अपने-अपने क्षेत्र के बुनकरों और शिल्पकारों को वस्त्र और परिधान क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराने और उनको बाजार से जोड़ने के लिए Craft Cluster Initiative जैसे कार्यक्रम संचालित किये हैं। मेरा मानना है कि पारंपरिक कारीगरों को ऐसे सहयोग और मार्गदर्शन मिलने चाहिए जिससे उनकी अगली पीढ़ी भी गर्व और विश्वास के साथ इस व्यवसाय से जुड़ी रहे।

प्रिय विद्यार्थियो,

आपको NIFT जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में शिक्षा ग्रहण करने का अवसर मिला है। नवाचार की कुशलता विकसित करने और नवीनतम तकनीकों का सफल प्रयोग करने का प्रशिक्षण इस संस्थान द्वारा आपको दिया गया है। आपकी कलात्मकता और रचनात्मकता को यहां एक नयी दिशा मिली है। मुझे विश्वास है कि इस प्रक्रिया में आप भारत की वस्त्र, शिल्प और डिजाइन की समृद्ध और विविधतापूर्ण परंपराओं से परिचित हुए होंगे। अब आपको अपने knowledge और skill के बल पर इस समृद्ध विरासत को समकालीन बाजारों और नयी तकनीकों से जोड़ने के अभिनव प्रयास करने हैं।

आप ऐसे समय में Fashion Technology की विभिन्न विधाओं के स्नातक बन रहे हैं, जब भारत आत्मनिर्भरता के अनेक आयामों पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज हमारा देश पहले की तुलना में कहीं अधिक आत्मविश्वास के साथ विश्व पटल पर अपनी भूमिका को विस्तार दे रहा है। Fashion Technology भी एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें विश्व स्तर पर भारत की भूमिका बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। आपको इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए। इस प्रयास में आप स्मरण रखें कि आपकी सोच वैश्विक हो, लेकिन आपकी जड़ें अपनी मिट्टी की विशिष्टता और जीवन मूल्यों से जुड़ी हों। इस तरह आप न केवल successful professional बनेंगे बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन में भी अपना योगदान दे सकेंगे।

आप विश्व स्तरीय उत्पाद और ब्रांड बनायें, लेकिन यह भी सुनिश्चित करें कि वे पर्यावरण-अनुकूल हों। अपने उत्पादों के लिए स्थानीय रूप से उपलब्ध कच्चे माल का प्रयोग पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण है।

बंगाल की काँथा कढ़ाई और बिहार की सुजनी, देश में प्रचलित Recycling की परंपरा के महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। इन कलाओं की मूल भावना यही रही है कि जो बच गया, उसे बेकार समझकर फेंकना नहीं है, बल्कि उसे नया रूप, नई उपयोगिता और नया मूल्य देना है। मुझे बताया गया है कि NIFT के नीति-निर्माताओं ने Sustainability और सामाजिक दायित्व को संस्थान की कार्ययोजना में महत्वपूर्ण स्थान दिया है। मैं आशा करती हूं कि अपने विभिन्न केन्द्रों के माध्यम से यह संस्थान वस्त्र और परिधान के क्षेत्र में Sustainable Future के अपने प्रयासों के अन्तर्गत Circular Economy की ऐसे विधाओं को व्यापक और लाभदायक बनाने के लिए प्रभावी कदम उठायेगा।

प्रिय विद्यार्थियो,

वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आपको एक ऐसे समाज के निर्माण में सहयोग करना है जिसमें प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की प्रगति में योगदान करने का उचित अवसर मिल सके। आपके प्रयास से किसी शिल्पकार को अपने शिल्प की मूल पहचान को बनाये रखते हुए अपनी उत्पादकता और आय बढ़ाने में सहायता मिले, इसी में आपकी सफलता है और आपका राष्ट्र निर्माण में योगदान भी है।

NIFT में मिले प्रशिक्षण, नयी ऊर्जा और सुंदर भविष्य के सपनों के साथ आप आज अपने सुनहरे भविष्य की ओर कदम बढ़ाने के लिए तैयार हैं। मैं आशा करती हूं कि संकल्प और प्रतिभा से भरपूर आप सभी युवा उद्योग जगत की उभरती चुनौतियों का सामना करने में सक्षम होंगे। मुझे विश्वास है कि आप जो भी मार्ग चुनेंगे, उसमें सृजनात्मकता, उत्कृष्टता, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा की भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे। आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए मैं हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।

धन्यवाद,
जय हिन्द!
जय भारत!!

Subscribe to Newsletter

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
The subscriber's email address.