भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का ग्रासरूट्स इनोवेटर्स से मुलाक़ात के अवसर पर सम्बोधन (HINDI)
राष्ट्रपति भवन : 31.07.2026
(94.81 KB)Grassroots innovators को मान्यता देने के लिए आयोजित इस समारोह में आप सब के बीच उपस्थित होकर मुझे हार्दिक प्रसन्नता हो रही है। इस मंच पर आने से पहले मैंने यहाँ grassroots innovation exhibition को देखा। मुझे यह देखकर बहुत प्रसन्नता हुई है कि हमारे grassroots innovators अपने आस-पास मौजूद चुनौतियों का अभिनव प्रयोगों और आविष्कारों द्वारा समाधान निकालते हैं। ऐसे innovators को प्रोत्साहित और सम्मानित करने की दिशा में अटल नवाचार मिशन एक सराहनीय प्रयास है।
देवियो और सज्जनो,
मैं ग्रामीण पृष्ठभूमि से आती हूं। मैंने बचपन से देखा है कि गाँव के लोगों के पास व्यावहारिक ज्ञान का अद्भुत भंडार होता है। किसान अपने अनुभवों के आधार पर खेती में आवश्यक प्रयोग करते हैं। महिलाएँ, उपलब्ध संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग करते हुए भोजन तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं के संरक्षण के नए-नए उपाय अपनाती हैं। स्थानीय कारीगर अपने आसपास उपलब्ध सामग्री और औज़ारों से उपयोगी वस्तु बनाते हैं। आम भाषा में इसे innovation नहीं कहा जाता है लेकिन इन प्रयासों के पीछे समस्या को समझने, सृजनात्मक ढंग से उसका समाधान खोजने और उससे समाज का हित सुनिश्चित करने की भावना कार्य करती है। यही भावना innovation का आधार है।
भारत सरकार ने innovation को विकसित भारत के निर्माण के एक महत्वपूर्ण आधार-स्तंभ के रूप में देखा है। शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों, स्टार्टअप्स, अनुसंधान संस्थानों और निवेशकों के बीच सहयोग ने innovation की एक सशक्त संस्कृति का निर्माण किया है। स्टार्टअप इंडिया, अटल इनोवेशन मिशन, अटल टिंकरिंग लैब्स, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 जैसी पहलें नवाचार को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। देश भर में Laboratories और Incubation Centres युवाओं के नए विचारों को उत्पाद और उद्यम में बदलने के लिए सहायता प्रदान कर रहे हैं। Digital Public Infrastructure, Artificial Intelligence, Biotechnology, अंतरिक्ष, कृषि, स्वास्थ्य और green technology जैसे क्षेत्रों में भारत विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। स्थानीय समस्याओं के प्रभावी और कम लागत वाले समाधान विकसित करने के लिए grassroots innovations को भी राष्ट्रीय मंच प्रदान किया जा रहा है।
भारत अपनी विशालता और innovation के बल पर grassroots innovation की सबसे बड़ी शक्ति बनने की क्षमता रखता है। ऐसे innovations हमारे लिए अधिक अनुकूल भी हैं क्योंकि इनमें स्थानीय अनुभव, वैज्ञानिक सोच तथा व्यक्तिगत सृजनशीलता के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का भी समावेश होता है।
मुझे यह देखकर बहुत प्रसन्नता होती है कि देश भर में innovators स्थानीय समस्याओं के ऐसे समाधान विकसित कर रहे हैं, जिनका महत्व राष्ट्रीय स्तर पर भी है। आज के Exhibition में हमने देखा कि grassroots innovators कैसे Waste को Wealth में बदलने के लिए, ऊर्जा की बचत करने के लिए, महिलाओं और दिव्यांगजन की सुविधा के लिए, पर्यावरण संरक्षण के लिए, कृषि के लिए और कला के संरक्षण के लिए अपना योगदान दे रहे हैं।
देवियो और सज्जनो,
समाज में परिवर्तन केवल विचारों से नहीं आता है। उन विचारों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे वातावरण की आवश्यकता होती है, जो प्रतिभाओं का मार्गदर्शन करें और उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराए। मुझे यह जानकर विशेष प्रसन्नता हुई है कि अटल कम्युनिटी इनोवेशन सेंटर्स के माध्यम से जमीनी स्तर के innovators को मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता तथा innovative ideas को sustainable enterprise में बदलने के अवसर उपलब्ध कराए हैं।
विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक समस्या का समाधान खोजने के लिए innovation mindset के साथ कार्य करे। गाँवों, छोटे शहरों और दूरदराज़ क्षेत्रों में किसान, शिक्षक, छात्र, कारीगर और युवा अपनी रचनात्मक सोच से कम लागत वाले, पर्यावरण-अनुकूल और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप समाधान विकसित कर रहे हैं और हम सतत और संतुलित विकास की ओर बढ़ रहे हैं। विभिन्न संस्थाएं और देशवासी एक साझा उद्देश्य के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं और innovation की संस्कृति सशक्त हो रही है। इसका लाभ समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचेगा।
प्रिय innovators,
मुझे यह जानकर खुशी हुई है कि आप में से अनेक लोगों ने सीमित संसाधनों, अनिश्चितताओं और बार-बार आने वाली चुनौतियों के बावजूद अपने प्रयास जारी रखे। आपने इस विश्वास के साथ अपना प्रयास जारी रखा कि आपका innovation किसी व्यक्ति, परिवार या समुदाय के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। इसके लिए मैं आपकी सराहना करती हूं। मैं आपसे कहना चाहूंगी कि आप अपने innovations को निरंतर सुधारते रहें तथा अनुसंधान संस्थानों, उद्योग जगत और अन्य नवाचारकर्ताओं के साथ सहयोग बढ़ाएं और अपने innovations को व्यापक स्तर तक पहुँचाने का प्रयास करें। मैं आप सभी के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ देती हूँ।
धन्यवाद,
जय हिन्द!
