भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा सेवा, भारतीय व्यापार सेवा और रक्षा वैमानिकी गुणवत्ता आश्वासन सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों द्वारा मुलाकात के अवसर पर संबोधन

राष्ट्रपति भवन : 16.02.2026

डाउनलोड : भाषण भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा सेवा, भारतीय व्यापार सेवा और रक्षा वैमानिकी गुणवत्ता आश्वासन सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों द्वारा मुलाकात के अवसर पर संबोधन(हिन्दी, 75.9 किलोबाइट)

ADDRESS BY THE HON’BLE PRESIDENT OF INDIA  SMT. DROUPADI MURMU  ON THE OCCASION OF CALL ON BY PROBATIONERS OF INDIAN AUDIT AND ACCOUNTS SERVICE, INDIAN TRADE SERVICE AND DEFENCE AERONAUTICAL QUALITY ASSURANCE SERVICE

भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा सेवा, भारतीय व्यापार सेवा और रक्षा वैमानिकी गुणवत्ता आश्वासन सेवा के प्रिय परिवीक्षाधीन अधिकारियो,

आप सभी को प्रतिष्ठित सेवाओं में चयन के लिए हार्दिक बधाई। अपनी सेवा के दौरान आपको अपने हर निर्णय और कार्य के माध्यम से राष्ट्र की सेवा करने का अवसर प्राप्त होगा। आप सबको यह हमेशा याद रखना चाहिए कि ऐसे अनेक युवा हैं जो उनके जैसा मुकाम हासिल करने का सपना देखते हैं, लेकिन कुछ ही लोग हैं जो अपने सपनों को साकार कर पाते हैं। आपको अन्य लोगों के लिए प्रेरणा और आदर्श बनना चाहिए और अनुकरणीय नेतृत्व से जीवन भर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

आपके प्रशिक्षण अनुभवों ने मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया है। आपने जो समर्पण दिखाया है, उससे मेरा यह विश्वास और पक्का हो गया है कि आप जैसे युवा अधिकारी अपनी ऊर्जा, समर्पण और उद्देश्य की भावना से देश का भविष्य संवारेंगे। जब आप जैसे अधिकारीगण भारत के विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे तो वैश्विक मंच पर हमारे देश को और अधिक मजबूती मिलेगी, देश सक्षम और सम्मानित होगा। अपने कार्य के प्रति जुनून रखते हुए आप भारत के भविष्य को रूपांतरित कर सकते हैं।

भारतीय लेखापरीक्षा सेवा के प्रिय परिवीक्षाधीन अधिकारियो,

आप सब जनता के विश्वास के संरक्षक और वित्तीय विवेक के रक्षक हैं। भारत की नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक संस्था कार्यपालिका की विधायिका के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण कार्य करता है।

कार्यपालिका और लेखापरीक्षा संस्थान जब मिलकर कार्य करते हैं तो शासन प्रणाली पर जवाबदेही ढांचे का प्रभाव बढ़ता है तथा इसे और मजबूती मिलती है। लेखापरीक्षा एवं कार्यपालिका के बीच प्रभावी साझेदारी से सार्वजनिक व्यय की दक्षता बढ़ाती है और वांछित परिणाम प्राप्त करने में इससे सहायता मिलती है। आपको हमेशा संविधान और अपनी सेवा की परंपराओं और मूल्यों को बनाए रखना है।

मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई कि आपके प्रशिक्षण के मूलभूत उद्देश्य सुशासन, जवाबदेही, पारदर्शिता और नैतिकता के सिद्धांत हैं। मैं समझती हूँ कि आपके प्रशिक्षण के दौरान शिक्षा और व्यक्तिगत विकास को बढ़ावा दिया जाता है और इसमें पेशेवर दक्षता के उच्चतम मानकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। आपको अपने संगठन के मूल मूल्यों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता रखनी है और अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा, सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता के साथ करना है।

भारतीय व्यापार सेवा के प्रिय परिवीक्षाधीन अधिकारियो,

भारतीय विदेश व्यापार संस्थान में आपके प्रशिक्षण ने आपको आज के जटिल व्यापारिक परिवेश को समझने के लिए आवश्यक विश्लेषणात्मक क्षमता और वैश्विक परिप्रेक्ष्य प्रदान किया है। प्रमुख व्यापार संबंधी संस्थानों में अधिकारी के रूप में आप सब महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करेंगे। आप सबको देश में निवेश बढ़ाना है, रोजगार सृजन करना है और ऐसे वातावरण को बढ़ावा देना है जहां भारतीय व्यवसाय में नवाचार आए, इसमें विस्तार हो और हम वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें ।

भारत का राष्ट्रीय हित ही सदा आपका मार्गदर्शक सिद्धांत होना चाहिए। आपको खुलेपन के साथ मूल प्राथमिकताओं की सुरक्षा में संतुलन बनाए रखना है।

आपने ऐसे समय में सेवा में प्रवेश किया है जब पूरा विश्व बड़े परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। डिजिटल व्यापार, स्थिरता की जरूरत और नए वैश्विक नियम देशों के आपसी संबंधों को नया स्वरूप दे रहे हैं। आपका कार्य विशेष है: इसमें कानून और उद्यम मिलते हैं, वार्ता और रणनीति का संगम होता है, और जहाँ आपके द्वारा लिए जाने वाले निर्णय आने वाले दशकों तक भारत की आर्थिक दिशा तय करते हैं। याद रखें कि आपके द्वारा लागू की गई प्रत्येक नीति, उनके द्वारा दूर की गई प्रत्येक व्यापार बाधा, उनके द्वारा समर्थित प्रत्येक समझौता - भारत को एक मजबूत और वैश्विक स्तर पर अधिक सम्मानित व्यापारिक भागीदार के रूप में उभरने में योगदान देगा।

रक्षा वैमानिकी गुणवत्ता आश्वासन सेवा के प्रिय परिवीक्षाधीन अधिकारियो, भारत की रक्षा अंतरिक्ष क्षमताओं की सुरक्षा और हमारे सशस्त्र बलों की परिचालन तत्परता को मजबूत करने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। देश के रक्षा बलों के लिए तकनीकी रूप से उन्नत और विश्व स्तरीय हथियारों और गोला-बारूद के उच्चतम गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करना आपकी सर्वोपरि जिम्मेदारी है।

रक्षा मंत्रालय के कार्य-क्षेत्र में प्रवेश करते हुए और वैमानिकी गुणवत्ता आश्वासन महानिदेशालय के मिशन में शामिल होकर आप एक ऐसे क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं जहां आपको राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान देने के लिए सटीकता और सतर्कता के साथ कार्य करना होगा।

आप सब विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और राष्ट्रीय रक्षा के शक्तिशाली संगम पर हैं। आप सबको अत्याधुनिक अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, स्वदेशी विनिर्माण, निजी उद्योग भागीदारों, स्टार्टअप्स और रणनीतिक रक्षा कार्यक्रमों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

भारत एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है। हमारे रक्षा उत्पादन में तीव्र गति से बढ़ रहा है। स्वदेशी अंतरिक्ष क्षेत्र में नवाचार का विस्तार हो रहा है। गुणवत्ता आश्वासन संपूर्ण मूल्य श्रृंखला की रीढ़ होती है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत बनाने में आपकी प्रतिबद्धता का बहुत महत्व रहेगा।

आपको देश के सशस्त्र बलों को तकनीकी रूप से उन्नत और बहु-क्षेत्रीय एकीकृत अभियानों में सक्षम युद्ध के लिए तैयार बल बनाने के लिए नवीन सोच के साथ कार्य करना है। अपनी इस महत्वपूर्ण सेवा यात्रा की शुरुआत आत्मविश्वास, समर्पण और उत्कृष्टता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ करें।

मैं आप सभी को उज्ज्वल और सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं।

धन्यवाद!
जय हिंद!
जय भारत!

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता