भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का भारत- मोल्दोवा व्यापार मंच के कार्यक्रम में संबोधन

चिशिनाउ : 20.07.2026

डाउनलोड : भाषण भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का भारत- मोल्दोवा व्यापार मंच के कार्यक्रम में संबोधन(हिन्दी, 52.38 किलोबाइट)

आज भारत-मोल्दोवा व्यापार मंच के कार्यक्रम में शामिल होकर मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है। मैं यहां उपस्थित सभी लोगों का हार्दिक धन्यवाद करती हूं। मैं विशेष रूप से भारत और मोल्दोवा के अग्रणी व्यावसायिक उद्यमों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ कारोबारी संघों और ‘इन्वेस्ट मोल्दोवा’ के सदस्यों का धन्यवाद करती हूं।

किसी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा की पहली राजकीय यात्रा के रूप में मोल्दोवा की मेरी यह यात्रा राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और जन-जन के बीच के संबंधों सहित अन्य सभी क्षेत्रों में मोल्दोवा के साथ जुड़ाव को और गहरा करने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

मेरे साथ भारत का एक बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी आया है। उनकी मौजूदगी मोल्दोवा की आर्थिक संभावना के प्रति भारतीय उद्योग जगत के बढ़ते विश्वास और दीर्घकालिक साझेदारियां कायम करने के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।

भारत और मोल्दोवा के बीच वर्ष 1992 में राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद से मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। हमारी साझेदारी परस्‍पर सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों और शांति, विकास एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति साझी प्रतिबद्धता पर आधारित है।

जैसे-जैसे भारत ‘विकसित भारत 2047’ के अपने संकल्प की ओर अग्रसर हो रहा है, भारत ऐसी साझेदारियों को आगे बढ़ाना चाहता है, जो विश्वास और साझा समृद्धि पर आधारित हों। आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। यह प्रगति उद्यमिता, डिजिटल परिवर्तन, विनिर्माण क्षेत्र की उत्कृष्टता तथा युवा और कौशल-प्राप्त कार्यबल की शक्ति से संभव हुई है। दूसरी ओर, मोल्दोवा का सुधारोन्मुख दृष्टिकोण, महत्‍वपूर्ण भौगोलिक स्थिति, प्रतिभाशाली मानव संसाधन तथा यूरोपीय बाजारों के साथ बढ़ता एकीकरण उसे भारतीय बिजनेस संस्‍थाओं के लिए एक महत्त्वपूर्ण गंतव्य स्‍थान बनाता है।

डिजिटल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर-सुरक्षा, फिन-टेक, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, रिन्यूएबल एनर्जी, उन्नत विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, कृषि, फूड प्रोसेसिंग, फार्मास्यूटिकल्स, जैव-प्रौद्योगिकी और स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं जैसे विविध क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। मुझे खुशी है कि आज यहां इनमें से ज्यादातर क्षेत्रों के प्रतिनिधि आए हुए हैं।

ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ते सहयोग को देखकर मुझे अत्यधिक प्रसन्नता हो रही है। मुझे बताया गया है कि इस शहर को रोमानिया से जोड़ने के लिए एक हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइन का कार्य भारतीय कंपनियां निष्पादित कर रही हैं जिससे मोल्दोवा की ऊर्जा क्षमता और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। भारतीय कंपनियां मोल्दोवा में रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र जैसे सोलर एनर्जी, बैटरी स्टोरेज, स्मार्ट ग्रिड, ग्रीन हाइड्रोजन और अन्य स्वच्छ प्रौद्योगिकियों से जुड़ी विकास परियोजनाओं में भाग लेने के लिए उत्सुक हैं।

मोल्दोवा की कंपनियों को भारत में व्यापार और निवेश के अच्छे अवसर मिलेंगे। हम पारदर्शी, विश्‍वसनीय और निवेशकों के अनुकूल कारोबारी परिवेश उपलब्‍ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैं मोल्दोवा के उद्योग जगत को भारत आकर यहां उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित करती हूं।

मैं भारतीय उद्योग जगत से भी मोल्दोवा में उपलब्ध व्‍यवसाय के अवसरों का लाभ उठाने  का आग्रह करती हूं। आपकी उद्यमशीलता, संकल्प और प्रतिबद्धता लंबे समय तक चलने वाली आर्थिक साझेदारियां कायम करने में सहायक होंगी।

मुझे विश्वास है कि आज इस बिजनेस फोरम में होने वाली चर्चा नई साझेदारियों तथा नवाचारपूर्ण सहयोग का आधार बनेंगी जिससे भारत और मोल्दोवा के बीच आर्थिक सहयोग नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।

आइए, हम सब मिलकर भारत-मोल्दोवा आर्थिक साझेदारी का एक नया अध्याय लिखें। मैं इस व्यापार मंच की सफलता और सभी प्रतिभागियों की उपयोगी एवं फलदायी चर्चा के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।

धन्यवाद।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता