संयुक्त राष्ट्र के महासचिव की भारत की राष्ट्रपति से मुलाकात

राष्ट्रपति भवन : 20.02.2026

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव महामहिम श्री एंटोनियो गुटेरेस ने आज 20 फरवरी, 2026 को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

राष्ट्रपति ने मानव की सेवा के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर एक वैश्विक वैज्ञानिक पैनल बनाने की महासचिव गुटेरेस की पहल का स्वागत किया।

महासचिव गुटेरेस ने सफल एआई इम्पैक्ट समिट के आयोजन की सफलता के लिए भारत की अग्रणी भूमिका और विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त राष्ट्र के साथ भारत द्वारा दीर्घकाल से किए जा रहे सहयोग की प्रशंसा की।

राष्ट्रपति ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के इस दौर में बहुपक्षवाद को विश्वास की कमी के साथ-साथ व्यापक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आगे कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के चले आ रहे पुराने ढांचे में समकालीन भू-राजनीतिक वास्तविक स्थितियों को प्रतिनिधित्व देने के लिए सुधार करने की आवश्यकता है, साथ ही लिए जाने वाले निर्णयों में ग्लोबल साउथ की अधिक भागीदारी होनी आवश्यक है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में तत्काल सुधार करके ही संयुक्त राष्ट्र की प्रासंगिकता और प्रभावशीलता को बनाए रखा जा सकता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हालांकि 'यूएन-80&' पहल सुधारों के लिए एक अच्छा मंच है, फिर भी यह आवश्यक है कि यदि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का पुनर्गठन किया जाता है तो ग्लोबल साउथ की विकास प्राथमिकताओं का ध्यान रखा जाए।

राष्ट्रपति ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव के रूप में श्री गुटेरेस के शेष कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं और बहुपक्षवाद के प्रति भारत के पूर्ण समर्थन को दोहराया।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता