पूर्वोत्तर राज्यों से आए कारीगरों और बुनकरों के एक समूह ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

कारीगर और बुनकर देश की जीवंत विरासत के ज्वलंत उदाहरण हैं: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति भवन : 19.05.2026

पूर्वोत्तर राज्यों से आए कारीगरों और बुनकरों के एक समूह ने आज 19 मई, 2026 को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

इन कारीगरों और बुनकरों ने 26 जनवरी, 2026 को आयोजित 'एट होम' स्वागत समारोह के लिए निमंत्रण किट तैयार करने और भारत के उत्तर-पूर्व क्षेत्र की विविध कलात्मक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने में हाथ बंटाया था। उदाहरण के लिए, नागालैंड के कारीगरों ने केले के रेशे और बांस का उपयोग करके टोकरियां बनाईं, असम के बुनकरों ने स्टोल (शॉल) बनाए, मणिपुर के कारीगरों ने कृष्ण मृद्भांड तैयार किए और सिक्किम के कारीगरों ने प्राकृतिक रेशों का उपयोग करके अन्य उत्पाद तैयार किए। इस संवाद के दौरान कारीगरों और बुनकरों ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित 'एट होम' स्वागत समारोह के लिए काम करने के अपने अनुभव साझा किए और अपनी प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।

असम, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के कारीगरों और बुनकरों के साथ परस्पर बातचीत में राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर-पूर्व क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य से भरा हुआ है। उन्होंने कारीगरों और बुनकरों को सहयोग प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि उनका कलात्मक ज्ञान अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके और वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और सुरक्षित रखने के लिए कारीगरों और बुनकरों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्र की जीवंत विरासत के ज्वलंत उदाहरण हैं और उनसे आग्रह किया कि वे इन अमूल्य परंपराओं को युवा पीढ़ी तक पहुंचाएं।

बैठक के बाद, कारीगरों और बुनकरों ने अमृत उद्यान सहित राष्ट्रपति भवन का निर्देशित दौरा किया।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता