ऑस्ट्रिया गणराज्य के फेडरल चांसलर ने राष्ट्रपति से मुलाकात की
राष्ट्रपति भवन : 16.04.2026
ऑस्ट्रिया गणराज्य के फेडरल चांसलर, महामहिम डॉ. क्रिसचियान स्टॉकर ने आज 16 अप्रैल, 2026 को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।
डॉ. स्टॉकर का भारत की पहली यात्रा पर स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया के बीच घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और हमारे संबंध लोकतंत्र और विधि के शासन के साझा मूल्यों पर आधारित हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2024 में भारत और ऑस्ट्रिया के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रिया की यात्रा की जिससे हमारे संबंधों को नई दिशा मिली और नवाचार, नवीकरणीय और स्वच्छ ऊर्जा, हाइड्रोजन, जल और अपशिष्ट प्रबंधन तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा।
राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि यह यात्रा भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के संपन्न होने के तुरंत बाद हो रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस यात्रा से भारत-ऑस्ट्रिया के बीच बढ़ते व्यापार और निवेश संबंधों में और तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रियाई कंपनियों के पास विशेष रूप से सेमीकंडक्टर, हरित ऊर्जा और एआई आदि के उभरते क्षेत्रों में भारत में व्यापार और निवेश बढ़ाने के अपार अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया दोनों ही ज्ञान- आधारित अर्थव्यवस्थाएं हैं और विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत में विश्व का सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। उन्होंने यह जानकर प्रसन्नता व्यक्त की कि वर्ष 2024 में शुरू किए गए "भारत-ऑस्ट्रिया स्टार्टअप ब्रिज"से इस क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग और अधिक बढ़ रहा है। दोनों नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि इस यात्रा से भारत और ऑस्ट्रिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों के सभी महत्वपूर्ण आयामों में तेजी से सुधार होगा।
