भारत की राष्ट्रपति की डॉ. बी.आर. आंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर शुभकामनाएं

राष्ट्रपति भवन : 13.04.2026

Download : Press Release भारत की राष्ट्रपति की डॉ. बी.आर. आंबेडकर की जयंती की पूर्व  संध्या पर शुभकामनाएं(हिन्दी, 60.72 किलोबाइट)

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा है, “भारतीय संविधान के प्रमुख निर्माता, महान समाज सुधारक बाबासाहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर मैं उन्हें सादर नमन करती हूं।

बाबासाहब आंबेडकर विधिवेत्ता, अर्थशास्‍त्री, प्रखर चिंतक, न्यायविद और समतामूलक समाज व्यवस्था के सशक्त प्रवक्ता थे। उन्होंने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष किया और उनके हित में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने न केवल असमानताओं को दूर करने का मार्ग दिखाया, बल्कि भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों को सुदृढ़ करने में भी अग्रणी भूमिका निभाई। बाबसाहब ने महिलाओं की शिक्षा और उनके अधिकारों को प्राथमिकता दी। उनका बहुआयामी योगदान भावी पीढ़ियों को देश की सेवा और विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता रहेगा।

आइए, इस अवसर पर हम बाबासाहब आंबेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लें और एक न्यायपूर्ण, समावेशी तथा प्रगतिशील भारत के निर्माण में योगदान दें”।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता