सर्बिया के राष्ट्रपति की भारत की राष्ट्रपति से मुलाकात

राष्ट्रपति भवन : 19.02.2026

सर्बिया गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री अलेक्जेंडर वुचिक ने आज 19 फरवरी, 2026 को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति वुचिक का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने जून 2023 में सर्बिया की अपनी यात्रा को याद किया। उन्होंने यात्रा के दौरान उनके सौहार्दपूर्ण आतिथ्य के लिए श्री वुचिक और सर्बिया सरकार को धन्यवाद दिया।

राष्ट्रपति ने कहा कि गुटनिरपेक्ष आंदोलन के सह-संस्थापक होने से लेकर वर्तमान में वैश्विक दक्षिण में साझीदारी तक, भारत और सर्बिया के विशेष संबंध रहे हैं। दोनों देशों की वैश्विक दक्षिण में भूमिका महत्वपूर्ण है।

राष्ट्रपति ने आगे कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता में सर्बिया और भारत की दक्षता गहन है और यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें हम अपने सहयोग को और बढ़ा सकते हैं। द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ाने की भी अच्छी संभावनाएं हैं। हम आने वाले वर्षों में सूचना प्रौद्योगिकी, विनिर्माण, कृषि, जैव प्रौद्योगिकी, औषध विज्ञान, पर्यटन और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सहयोग कर सकते हैं।

दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि भारत और सर्बिया के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने की अपार संभावनाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने दोनों देशों के लोगों के पारस्परिक लाभ के लिए और उनकी समृद्धि के लिए सहयोग जारी रखने पर जोर दिया।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता