स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रपति ने भारत की राष्ट्रपति से मुलाकात की

राष्ट्रपति भवन : 19.02.2026

स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री पीटर पेलेग्रिनी ने आज 19 फरवरी, 2026 को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति पेलेग्रिनी का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने पिछले वर्ष स्लोवाक गणराज्य की अपनी सुखद राजकीय यात्रा का स्मरण किया और हार्दिक स्वागत एवं आतिथ्य सत्कार के लिए उनका धन्यवाद किया।

राष्ट्रपति ने एआई इम्पैक्ट समिट में स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रपति की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह भारत और विश्व के लिए बड़े महत्व की बात है। इसका महत्व और बढ़ जाता है जब यह "जनता, धरती और प्रगति" के सिद्धांतों पर आधारित हो और एक ऐसे भविष्य की परिकल्पना की गई हो जहां एआई का मानवता के लाभ के लिए प्रयोग किया जाए और समावेशी विकास को बढ़ावा देता हो।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत "जनहित के लिए प्रौद्योगिकी" के सिद्धांत पर कार्य कर रहा है और इसीलिए इस शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता को सभी के लिए सुलभ और लाभकारी बनाना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भारत- स्लोवाकिया सहयोग से विश्व बहुत लाभ ले सकता है।

राष्ट्रपति ने यह जानकर प्रसन्नता व्यक्त की कि भारत-स्लोवाक गणराज्य के बीच उच्च स्तरीय बैठकें और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग हुए हैं जिनसे दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में और अधिक विस्तार हुआ है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पिछले कुछ वर्षों में व्यापार, निवेश, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, रक्षा सहयोग और लोगों के आपसी संबंधों में हमारी साझेदारी का निरंतर विस्तार हुआ है।

दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि इस यात्रा से भारत और स्लोवाक गणराज्य की निरंतर विकसित हो रही द्विपक्षीय साझेदारी में तेजी आएगी और डिजिटल सहयोग सहित नए आयाम इससे जुड़ेंगे।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता