एस्टोनिया के राष्ट्रपति की भारत की राष्ट्रपति से मुलाकात

राष्ट्रपति भवन : 19.02.2026

एस्टोनिया गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री अलार कारिस ने आज 19 फरवरी, 2026 को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

एस्टोनिया गणराज्य के राष्ट्रपति के रूप में भारत की पहली यात्रा पर राष्ट्रपति कारिस का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और एस्टोनिया के बीच सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण संबंध साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, अंतरराष्ट्रीय विधि का सम्मान और नियम- आधारित वैश्विक व्यवस्था के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता पर आधारित हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि एस्टोनिया का डिजिटल और एआई जगत में बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट में एस्टोनिया की भागीदारी, विशेष रूप से एआई और शिक्षा में इसकी अग्रणी भूमिका को देखते हुए शिखर सम्मेलन का बहुत महत्व बढ़ा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और एस्टोनिया यह मानते हैं कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रयोग विश्व की भलाई के लिए एक माध्यम के रूप में किया जाए। विश्व में बढ़ती अनिश्चितताओं को देखते हुए साइबर सुरक्षा और एआई के सुरक्षित प्रयोग के क्षेत्र में हमारा सहयोग और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि भारत और एस्टोनिया का डिजिटल क्षेत्र में सार्थक सहयोग रहा है।

उन्होंने कहा कि एस्टोनिया जहां प्रौद्योगिकी और आईटी में उत्कृष्ट है वहीं भारत में एक जीवंत स्टार्टअप इकोसिस्टम है। एस्टोनिया की तकनीकी विशेषज्ञता और भारत के जीवंत स्टार्टअप्स में सहयोग करके दोनों देश को लाभ उठा सकते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ संबंध अब रणनीतिक चरण तक पहुंच चुके हैं। भारत यूरोपीय संघ और उसके सदस्य देशों के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के सफलतापूर्वक सम्पन्न होने में एस्टोनिया के समर्थन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस मुक्त व्यापार समझौते से नए रास्ते खुलेंगे।

दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि भारत और एस्टोनिया के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने हाल के वर्षों में प्रौद्योगिकी, डिजिटल शासन और व्यापार विस्तार पर आधारित लगातार हुए उच्च स्तरीय आदान-प्रदान के संबंध में प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस यात्रा से हमारे द्विपक्षीय सहयोग की यह सकारात्मक प्रगति जारी रहेगी।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता