भारत की राष्ट्रपति ने वृंदावन स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के नंद किशोर सोमानी कैंसर विज्ञान ब्लॉक का उद्घाटन किया
रामकृष्ण मिशन ने यह दिखा दिया है कि आधुनिक विज्ञान और मानवीय करुणा का संगम मानवता के कल्याण के लिए अद्भुत कार्य कर सकता है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु
राष्ट्रपति भवन : 20.03.2026
भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 20 मार्च, 2026 को वृंदावन, उत्तर प्रदेश स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के नंद किशोर सोमानी कैंसर विज्ञान ब्लॉक का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर बोलते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि रामकृष्ण मिशन आध्यात्मिक चेतना और मानवीय सेवा के संगम का सशक्त प्रतीक है। रामकृष्ण परमहंस की गहन भक्ति ने एक प्रबल धारा को प्रवाहित किया जिसे बाद में उनके अनन्य शिष्य स्वामी विवेकानंद ने मानवता के हित में एक संस्था का रूप दिया। रामकृष्ण मिशन ने निरंतर यह संदेश दिया है कि प्रेम, सेवा और करुणा ही ईश्वर तक पहुंचने का सर्वोत्तम मार्ग हैं। इस मिशन ने यह सिद्ध किया है कि सच्ची निस्वार्थ सेवा और करुणा ही आध्यात्मिकता की वास्तविक अभिव्यक्ति है।
राष्ट्रपति ने कहा कि कैंसर आज सबसे गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है। समय पर रोग की पहचान और उच्च स्तरीय उपचार तक पहुंच, रोगी के जीवन को बचाने में निर्णायक सिद्ध हो सकती है। लेकिन, अनेक परिवारों के लिए इस रोग का उपचार आर्थिक परिस्थितियों के कारण कठिन या असंभव प्रतीत होता है। ऐसे समय में जन सेवा की भावना से कार्य करने वाले संस्थान, समाज कल्याण में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। जागरूकता अभियान और समय पर जांच की सुविधाओं से कैंसर की रोकथाम और शीघ्र उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण तभी संभव होगा जब देश के नागरिक स्वस्थ होंगे।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत अपने स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ बनाने और प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आयुष्मान भारत जैसी ऐतिहासिक योजना के माध्यम से करोड़ों नागरिकों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कैंसर के इलाज को भी आयुष्मान भारत योजना में कवर किया गया है, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को लाभ मिल रहा है।
राष्ट्रपति ने कहा कि सेवा भाव से संचालित चिकित्सा संस्थानों की समाज में विशेष भूमिका होती है। वे केवल रोग का उपचार ही नहीं करते, बल्कि रोगियों और उनके परिवारों के जीवन में आशा, आत्मविश्वास और सम्मान का संचार भी करते हैं। उन्होंने कहा कि रामकृष्ण मिशन ने यह दिखा दिया है कि आधुनिक विज्ञान और मानवीय करुणा का संगम मानवता के कल्याण के लिए अद्भुत कार्य कर सकता है। उन्होंने रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम से जुड़े सभी हितधारकों की प्रशंसा की और विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में उनका योगदान लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
