भारत की राष्ट्रपति ने सेशेल्स के राष्ट्रपति की मेजबानी की
सेशेल्स के विकास और सुरक्षा संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए भारत हमेशा तत्पर है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु
राष्ट्रपति भवन : 09.02.2026
भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 9 फरवरी, 2026 को राष्ट्रपति भवन में सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी का स्वागत किया। उन्होंने उनके सम्मान में भोज का भी आयोजन किया।
भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर राष्ट्रपति हर्मिनी का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सेशेल्स के साथ भारत के संबंध आपसी विश्वास और सम्मान, और लोकतंत्र और बहुलतावाद में हमारे समान विश्वास पर आधारित हैं। हिंद महासागर की लहरें हमारे लोगों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों की साक्षी रही हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि इस वर्ष सेशेल्स अपनी स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ मना रहा है और हम भारत-सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इसलिए, यह यात्रा एक महत्वपूर्ण समय पर हो रही है।
राष्ट्रपति ने कहा कि सेशेल्स भारत के महासागर विजन में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है, हमारे इस विजन का उद्देश्य विकास के लिए व्यापार, सतत विकास के लिए क्षमता निर्माण और साझा भविष्य के लिए पारस्परिक सुरक्षा के स्तंभों पर आधारित सहयोग को और मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस विजन के तहत, भारत सेशेल्स के विकास और सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए हमेशा तत्पर है।
राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि इस यात्रा के दौरान घोषित किए गए विशेष आर्थिक पैकेज से सेशेल्स के अनेक प्राथमिकता वाले क्षेत्रों जैसे स्वास्थ्य, अवसंरचना, शिक्षा, रक्षा और क्षमता निर्माण में भारत-सेशेल्स सहयोग को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि "संबंधों में विस्तार के माध्यम से स्थिरता, आर्थिक विकास और सुरक्षा के लिए भारत-सेशेल्स संयुक्त दृष्टिकोण" से आगामी वर्षों में हमारे सहयोग को और मजबूती मिलेगी।
दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि भारत-सेशेल्स के घनिष्ठ द्विपक्षीय सहयोग को और आगे बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में दोनों देश अपने लोगों के पारस्परिक हित में और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करेंगे।
