भारत की राष्ट्रपति ने भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) - राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान के वर्ष भर चलने वाले स्वर्ण जयंती समारोहों का शुभारंभ किया
आईसीएमआर जैसे शीर्ष संस्थान शोध, सहयोग और नवाचार के माध्यम से विकसित भारत के स्वास्थ्य संबंधी लक्ष्यों को पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु
राष्ट्रपति भवन : 17.11.2026
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज, 17 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर)- राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान के वर्ष भर चलने वाले स्वर्ण जयंती समारोहों का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि मलेरिया भारत समेत, विश्व के अनेक देशों में लंबे समय से एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती रही है। स्वतंत्रता के समय, यह हमारे देश में सबसे गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक था। यह संतोष का विषय है कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने मलेरिया नियंत्रण की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक जांच तकनीकों, प्रभावी दवाओं, मच्छर नियंत्रण अभियानों और सामुदायिक भागीदारी ने इस बीमारी के प्रसार को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मलेरिया उन्मूलन की दिशा में भारत की प्रगति को वैश्विक स्तर पर भी सराहना मिली है। वर्ष 2024 में भारत विश्व स्वास्थ्य संगठन के ‘हाइ बर्डन से हाइ इम्पैक्ट’ समूह से बाहर निकल गया है। यह उपलब्धि हमारे जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों, वैज्ञानिकों, स्वास्थ्यकर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से संभव हुई है। मलेरिया के विरुद्ध इस लंबी लड़ाई में राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान की अहम भूमिका रही है। पिछले पांच दशकों में इस संस्थान ने मलेरिया के परजीवियों, मच्छरों, रोगवाहक नियंत्रण, कीटनाशक प्रतिरोध तथा सामुदायिक निगरानी जैसे क्षेत्रों में अग्रणी अनुसंधान किया है।
राष्ट्रपति ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, अनियोजित शहरीकरण और मच्छरों में कीटनाशकों के प्रति बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता जैसी नई चुनौतियां मलेरिया के उन्मूलन में हमारे सामने नई बाधाएं उपस्थित कर सकती हैं। ऐसी परिस्थिति में केवल स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयास मलेरिया को फैलने से नहीं रोक सकते हैं। इसके लिए जलभराव को रोकने, मच्छरों के पनपने के स्रोतों को खत्म करने और पर्यावरण प्रबंधन पर भी काम करना जरूरी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नीति-निर्माता और वैज्ञानिक समुदाय इस दिशा में सजग प्रयास कर रहे होंगे।
राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के वर्षों में, डेंगू भी देश में एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। ग्लोबल वार्मिंग और मानसून के पैटर्न में परिवर्तन के कारण इस चुनौती के और भी प्रबल होने की संभावना है। आईसीएमआर के शोध और अनुसंधानों ने तपेदिक (टीबी), कुष्ठ रोग और कालाजार जैसी बीमारियों के विरुद्ध हमारी लड़ाई को दिशा दी है। आईसीएमआर ने हमारे राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को स्वरूप प्रदान करने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कोविड-19 महामारी के दौरान, इसने रिकॉर्ड समय में देशव्यापी परीक्षण नेटवर्क स्थापित किया और भारत के पहले स्वदेशी कोविड-19 टीके के विकास में साझेदारी की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आईसीएमआर डेंगू जैसी बीमारियों के निदान के लिए भी कारगर कदम उठा रहा होगा।
राष्ट्रपति ने कहा कि स्वर्ण जयंती का अवसर अपनी अतीत की उपलब्धियों को स्मरण करने और उन पर गर्व करने का अवसर तो होता ही है, साथ ही भविष्य के लिए निर्णायक लक्ष्य निर्धारित करने का भी अवसर होता है। हम वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में अनुसंधान संस्थानों, तकनीकी और उच्च शिक्षा केन्द्रों और उद्योग जगत के बीच सुदृढ़ सहयोग अत्यधिक महत्व रखता है।आईसीएमआर जैसे अग्रणी संस्थानों को ऐसे सहयोग का नेतृत्व करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि आईसीएमआर और इससे जुड़े संस्थान, शोध, सहयोग और नवाचार के माध्यम से विकसित भारत के स्वास्थ्य संबंधी लक्ष्यों को पूरा करने में अपना योगदान देंगे।
