भारत की राष्ट्रपति ने ब्राजील के राष्ट्रपति की मेजबानी की

भारत-ब्राजील द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की अपार संभावनाएं हैं: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति भवन : 21.02.2026

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 21 फरवरी, 2026 को राष्ट्रपति भवन में ब्राजील गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री लुईस इनासियो लूला डा सिल्वा का स्वागत किया। उन्होंने उनके सम्मान में भोज का भी आयोजन किया।

राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति लूला का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने एआई इम्पैक्ट समिट में उनकी भागीदारी और बहुमूल्य योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने पिछले वर्ष ब्राजील में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन और कॉप-30 शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी के लिए भी उन्हें बधाई दी।

राष्ट्रपति ने यह जानकर प्रसन्नता व्यक्त की कि भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी व्यापार और निवेश, रक्षा, तेल और गैस, जैव-ईंधन, कृषि और पशुधन, स्वास्थ्य सेवा और पारंपरिक चिकित्सा, अंतरिक्ष, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, डिजिटल सहयोग और साइबर सुरक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही है।

राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि ब्राजील लैटिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है तथा दोनों देशों के द्विपक्षीय व्यापार का अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार करने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि भारत एमईआरसीओएसयूआर (मर्कोसुर) के साथ अधिमान व्यापार समझौता सम्पन्न करने के लिए उत्सुक है और ब्राजील के साथ द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों को गहरा करने के लिए भी समान रूप से प्रतिबद्ध है।

राष्ट्रपति ने यह जानकर प्रसन्नता व्यक्त की कि पिछले कुछ वर्षों में कृषि क्षेत्र में भारत और ब्राजील के बीच सहयोग गहन हुआ है। उन्होंने कहा कि आरम्भिक और दूसरे उत्पादों के साथ-साथ कृषि रसायनों में हमारा समृद्ध व्यापार है। उन्होंने फसल उत्पादन, सिंचाई तकनीक, फसल कटाई के बाद का प्रबंधन और जैव प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में अनुसंधान और प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और ब्राजील के बीच व्यापार और निवेश सहित पारंपरिक और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूत साझेदारी है। उन्होंने वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन के लिए ब्राजील द्वारा किए जा रहे निरंतर समर्थन की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) के सदस्य के रूप में भारत-ब्राजील की सफल साझेदारी रही है।

राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि महत्वपूर्ण खनिजों और पृथ्वी से निकलने वाली दुर्लभ सामग्रियों के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और सुदृढ़ करने का यह उपयुक्त समय है। उन्होंने यह जानकर प्रसन्नता व्यक्त की कि इस क्षेत्र में आज एक महत्वपूर्ण समझौता संपन्न किया गया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि ग्लोबल साउथ की अग्रणी आवाजों के रूप में भारत और ब्राजील को बहुपक्षीय संस्थानों, विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए, ताकि वे आज की वास्तविकताओं के अनुरूप बनें।

दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि भारत-ब्राजील द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की अपार संभावनाएं हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रपति लूला के नेतृत्व में भारत और ब्राजील की मित्रता और बढ़ेगी।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता