भारत की राष्ट्रपति ने अमृत उद्यान का उद्घाटन किया

अमृत उद्यान 3 फरवरी से आम जनता के लिए खुलेगा

उद्यान में प्रवेश निशुल्क है

आगंतुक केवल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं

ऑनलाइन बुकिंग HTTPS://VISIT.RASHTRAPATIBHAVAN.GOV.IN/ पर की जा सकती है

राष्ट्रपति भवन : 01.02.2026

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 1 फरवरी, 2026 को अमृत उद्यान के शीतकालीन वार्षिक संस्करण 2026 का उद्घाटन किया।

राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान 3 फरवरी से 31 मार्च, 2026 तक आम जनता के भ्रमण के लिए खुला रहेगा। लोग सप्ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक उद्यान में भ्रमण के लिए आ सकते हैं। अंतिम प्रवेश शाम 5 बजे किया जा सकता है। उद्यान रखरखाव के लिए सोमवार के दिन और 4 मार्च को होली के कारण बंद रहेगा। अमृत उद्यान निम्नलिखित दिनों में विशेष श्रेणियों के लिए खुला रहेगा:

• 3 मार्च को रक्षा सेवा कर्मियों के लिए

• 5 मार्च को वरिष्ठ नागरिकों के लिए

• 10 मार्च को महिलाओं और जनजातीय महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए

• 13 मार्च को दिव्यांगजनों के लिए

उद्यान में बुकिंग और प्रवेश निःशुल्क है। ऑनलाइन बुकिंग https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in/ पर की जा सकती है। आगंतुकों के अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष मौके पर बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

आगंतुक केवल ऑनलाइन माध्यम से ही टिकट बुक कर सकते हैं। इसलिए, आगंतुकों से अनुरोध है कि वे अपने स्लॉट पहले से ही ऑनलाइन बुक कर लें। टिकट में उल्लिखित समय-सीमा और अन्य निर्देशों का पालन करना अपेक्षित है। किसी भी दिन की बुकिंग पिछले दिन सुबह 10:00 बजे बंद हो जाएगी।

आगंतुक, राष्ट्रपति भवन परिसर के द्वार संख्या 35, जहां नॉर्थ एवेन्यू राष्ट्रपति भवन से मिलता है, से प्रवेश और निकास कर सकते हैं। आगंतुकों की सुविधा के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से द्वार संख्या 35 तक शटल बस सेवा सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे के बीच हर 30 मिनट के बाद उपलब्ध होगी। केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से अंतिम शटल बस सेवा शाम 4:00 बजे की होगी।

आगंतुकों के लिए मार्ग, बाल वाटिका - प्लुमेरिया उद्यान – बरगद वृक्ष उद्यान - बोन्साई गार्डन – झरने से कलकल बहती जलधारा - सेंट्रल लॉन - लोंग गार्डन - सर्कुलर गार्डन होगा।

ट्यूलिप और विभिन्न प्रकार के गुलाब पुष्प के अलावा, इस वर्ष आगंतुक झरने से बहती जलधारा और रिफ्लेक्सोलॉजी मार्गों वाला बरगद उद्यान देख सकेंगे।

आगंतुक अपने साथ मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, पर्स/हैंडबैग, पानी की बोतलें और शिशुओं के लिए दूध की बोतलें ले जा सकते हैं। सार्वजनिक मार्ग के विभिन्न स्थानों पर पेयजल, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा/चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

अमृत उद्यान के अलावा, लोग सप्ताह में छह दिन (मंगलवार से रविवार) राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति भवन संग्रहालय देख सकते हैं। प्रत्येक शनिवार को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में गार्ड परिवर्तन समारोह भी देखा जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in देखें।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता