अमृत उद्यान का ग्रीष्मकालीन वार्षिकोत्सव 16 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक सामान्य जनों के लिए खुलेगा
प्रवेश केवल ऑनलाइन बुकिंग द्वारा; मौके पर बुकिंग उपलब्ध नहीं होगी
उद्यान 29 अगस्त को खिलाड़ियों के लिए और 5 सितंबर को शिक्षकों के लिए अनन्य रूप से खुलेगा
राष्ट्रपति भवन : 04.08.2026
अमृत उद्यान का ग्रीष्मकालीन वार्षिकोत्सव 16 अगस्त से 15 सितंबर, 2026 तक सामान्य जनों के लिए खुलेगा। इस अवधि के दौरान, उद्यान सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक खुला रहेगा और शाम 5:00 बजे तक इसमें प्रवेश करने की अनुमति होगी। उद्यान रखरखाव के लिए प्रत्येक सोमवार को बंद रहेगा।
अमृत उद्यान 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में और 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में क्रमशः खिलाड़ियों और शिक्षकों के लिए अनन्य रूप से खुलेगा।
आगंतुक नॉर्थ एवेन्यू रोड के पास स्थित द्वार संख्या 35 से उद्यान में प्रवेश और निकास कर सकेंगे। अमृत उद्यान में प्रवेश निःशुल्क होगा। आगंतुकों को visit.rashtrapatibhavan.gov.in पर जाकर अपने स्लॉट ऑनलाइन बुक करने हैं।
किसी दिन विशेष के लिए स्लॉट की बुकिंग उसके पिछले दिन सुबह 10:00 बजे बंद हो जाएगी। मौके पर बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
आगंतुकगण उद्यान के भीतर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, पर्स, हैंडबैग, पानी की बोतलें, बच्चों की दूध की बोतलें और छाते ले जा सकते हैं। इनके अलावा, कोई अन्य वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
आगंतुकों की सुविधा के लिए उद्यान भ्रमण के मार्ग में पेयजल, प्रथमोपचार पोस्ट, रेन शेल्टर और रेस्ट रूम स्थापित किए जाएंगे। आगंतुकों की सुविधा के लिए सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे के बीच, प्रत्येक 30 मिनट के अंतराल पर, केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से अमृत उद्यान के प्रवेश द्वार तक शटल बस सेवा उपलब्ध रहेगी। इस बस पर ‘अमृत उद्यान के लिए शटल सेवा’ बैनर लगा होगा।
उद्यान भ्रमण-पथ में बाल वाटिका, पल्मेरिया गार्डन, बेनियन ग्रूव, बोन्साइ गार्डन, बैबलिंग ब्रूक्स, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन शामिल होंगे।
